खेकड़ा,15 मार्च 2025 (यूटीएन)। डूंडाहैड़ा के बालाजी आश्रम के महाराज महामंडलेश्वर भैयादास का बिजली विभाग के खिलाफ आमरण अनशन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। महाराज ने अधिकारियों की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ भी किया। विरोध में आश्रम में होली भी नही मनाई गई।
इसके बावजूद विभाग का सकारात्मक रुख न देख तथा प्रशासन का भी बिजली विभाग को समस्या समाधान हेतु नकारात्मक रवैया देख अनुयायियों में आक्रोश बढ रहा है।
बताया गया है कि,बिजली विभाग पर मनमानी करने व लाखों रुपए का बिल भेजने का आरोप लगाते हुए बुधवार को डूंडाहैड़ा के बालाजी आश्रम के महाराज महामंडलेश्वर भैयादास ने बिजली विभाग के खिलाफ आमरण अनशन शुरू किया था। शनिवार को चौथे दिन भी अनशन जारी रहा।
इस दौरान महाराज ने अधिकारियों की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ कर 101 आहुतियां दी। वहीं आश्रम में इस बार होली का त्यौहार भी नही मनाया गया। भैयादास महाराज का कहना है कि,वे बिजली विभाग के अफसरों की तानाशाही के सामने नही झुकेंगे तथा उनका आमरण अनशन भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक जारी रहेगा। उधर आश्रम पहुंचे भक्तों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |