हरदोई, 27 मार्च 2023 (यूटीएन)। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय
बुजुर्ग महिला के साथ पाेते ने रेप किया। महिला न्याय की आस में अफसरों के चक्कर काट रही है। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि दूर के रिश्ते के पोते ने गांव के बाहर बाग में उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद महिला ने पूरे मामले की पुलिस से शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने इस मामले में
मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस बात को लेकर पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र दिया है और न्याय की गुहार लगाई है। बुजुर्ग महिला का कहना है कि वह एक बाग में
लकड़ी बीन रही थी। इसी बीच रिश्ते में लगने वाला पोता मौके पर पहुंच गया। उसे अचानक उसने धक्का देकर गिरा दिया।
उसके बाद उसके साथ
दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि गिरने में उसके चोटें भी आईं हैं। किसी तरह से जब उसने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया। दूसरे दिन थाने पहुंचकर बुजुर्ग महिला ने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने मारपीट करने के आरोप में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। महिला का आरोप है कि युवक को बचाने के कारण पुलिस ने दुष्कर्म का आरोप हटा दिया है। कोतवाल ओपी सिंह ने बताया कि मामला
मारपीट का है। दुष्कर्म का आरोप गलत है। फिर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीओ विनोद ने बताया कि बुजुर्ग महिला के आरोप की जांच की जाएगी। पुलिस ने अगर
लापरवाही बरती है तो उस पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्टेट- ब्यूरो, (तेजस्वी प्रताप सिंह) |