खेकड़ा, 17 मई 2025 (यूटीएन)। कस्बे के सनातन ठाकुरद्वारा मंदिर में शनिवार को सुबह प्रतिमाओं का पूजन किया गया। दोपहर बाद उनकी कस्बे में शोभायात्रा निकाली गई। रात्रि में भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे।
कस्बे के प्राचीन सनातन ठाकुरद्वारा मंदिर में प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान चल रहा है। शनिवार को दोपहर तक महंत उमेश चन्द्र कौत्स के निर्देशन में प्रतिमाओं का औषधियावास, मिष्ठानाधिवास कराया गया। उनका देवस्वप्न और नेत्रोन्मिलन कराया गया।
इनके बाद उनकी शोभायात्रा निकाली गई। ठाकुरद्वारा मंदिर से शुरू हुई यात्रा ने समूचे कस्बे में भ्रमण किया। बैंड बाजों के साथ निकली यात्रा का कस्बा वासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। चार घंटे से अधिक के भ्रमण के बाद यात्रा वापस ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं प्रभु का जयघोष किया।
पुरुष श्रद्धालुओं ने प्रभु भजनों पर अबीर गुलाल उड़ाए। यात्रा में सुरक्षा के लिए पूरे समय पुलिस बल तैनात रहा। रात्रि में दिल्ली के भजन गायक विपिन सलोना ने संगीतमय भजनों से समां बांधा। श्रद्धालु देर रात प्रभु भक्ति में झूमते रहे। कार्यक्रम में अशोक गुप्ता, विनोद गुप्ता, जितेंद्र सिंघल, गौतम कौत्स, तरुण गुप्ता, विपुल गुप्ता, सतीश गुप्ता, सचिन वर्मा, संदीप वर्मा, रामकिशोर त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |