[pj-news-ticker]

नमस्कार हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7078277779 / +91 9927127779 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें ,




राज्यसभा: मनमोहन सिंह समेत 54 सांसद हो गए रिटायर

कांग्रेस पार्टी के अभिषेक सिंघवी, जिनका राज्यसभा में कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है, उच्च सदन में नहीं होंगे क्योंकि वह हिमाचल प्रदेश से अपना चुनाव हार गए हैं।

नई दिल्ली, 03 अप्रैल 2024 (यूटीएन)। लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद से ही राजनीतिक दल निर्वाचन क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रैली कर रही है। इस बीच, संसद के उच्च सदन राज्यसभा से कई सदस्य सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिनमें से कुछ दोबारा इस सदन में नहीं लौटेंगे। मंगलवार को 49 राज्यसभा के सदस्य सेवानिवृत्त हुए हैं।
*पूर्व पीएम मनमोहन सिंह राज्यसभा से होंगे सेवानिवृत्त*
राज्यसभा से 3 अप्रैल को रिटायर होने वाले सांसदों में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी शामिल हैं। गौरतलब है कि उन्हें अर्थव्यवस्था में कई सुधारों की शुरुआत करने के लिए जाने जाते हैं।
अक्तूबर 1991 में पहली बार राज्यसभा के सदस्य बने थे। वह 1991 से 1996 तक नरसिम्हा राव सरकार में वित्त मंत्री और 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री भी रहे थे।
*ये सात केंद्रीय मंत्री भी हो रहे राज्यसभा से रिटायर*
वहीं सात केंद्रीय मंत्री जो राज्यसभा से मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए हैं, उनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, पशुपालन और मत्स्य पालन मंत्री पुरषोत्तम रूपाला, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राजीव चंद्रशेखर, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे और सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन हैं। वहीं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कार्यकाल बुधवार को समाप्त हो जाएगा। खास बात है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुरुगन को छोड़कर बाकी सभी केंद्रीय मंत्री लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
*राज्यसभा से 49 सदस्य हुए सेवानिवृत्त*
बता दें मंगलवार को 49 राज्यसभा के सदस्य सेवानिवृत्त हुए, जबकि पांच बुधवार यानि 3 अप्रैल को रिटायर होंगे। उच्च सदन से सेवानिवृत्त होने वालों में समाजवादी पार्टी की जया बच्चन भी शामिल हैं, जिन्हें उनकी पार्टी ने एक और कार्यकाल के लिए राज्यसभा के लिए फिर से नामित किया है। कांग्रेस पार्टी के अभिषेक सिंघवी, जिनका राज्यसभा में कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है, उच्च सदन में नहीं होंगे क्योंकि वह हिमाचल प्रदेश से अपना चुनाव हार गए हैं।
*अनिल बलूनी भी हुए सेवानिवृत्त, गढ़वाल सीट से चुनावी मैदान में*
सेवानिवृत्त होने वाले अन्य लोगों में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी भी शामिल हैं, जो उत्तराखंड की गढ़वाल सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा, भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं और उन्हें पार्टी ने दोबारा नामांकित नहीं किया है। भाजपा के अनिल जैन भी मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं क्योंकि उन्हें पार्टी ने दूसरा कार्यकाल नहीं दिया है और इसी तरह छत्तीसगढ़ से सरोज पांडे भी हैं, जो राज्य में लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं।
*मध्यम वर्ग के लिए हमेशा हीरो रहेंगे’, मनमोहन सिंह:खरगे*
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व पीएम के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे सदैव मध्यवर्ग और युवाओं के नायक बने रहेंगे। खरगे ने मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर पार्टी और देश के लिए उनके योगदान का आभार जताया। खरगे ने पत्र में लिखा है कि तीन दशकों से ज्यादा समय तक सेवा करने के बाद एक युग का अंत हो रहा है। आगे कहा है कि बहुत कम लोगों ने देश के लिए आपके जितना काम किया है।
मनमोहन कैबिनेट का हिस्सा बनना मेरा सौभाग्य रहा। जब मैं लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस का नेता रहा, उस दौरान आप ऐसे व्यक्ति रहे जिनकी सलाह को मैने महत्व दिया।
*असुविधाओं के बावजूद उपलब्ध रहे’*
खरगे ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में व्यक्तिगत असुविधाओं के बावजूद भी मनमोहन सिंह कांग्रेस पार्टी के लिए उपलब्ध रहे। पूर्व पीएम ने ऐसी आर्थिक नीतियों को आगे बढ़ाने का काम किया जो बड़े उद्योगों, युवा उद्यमियों, छोटे व्यवसायों, वेतनभोगी वर्ग और गरीबों के लिए समान रूप से फायदेमंद हों। उन्होंने लिखा कि मनमोहन सिंह ने बताया कि गरीब भी देश के विकास में भाग ले सकते हैं और गरीबी से बाहर निकल सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, मनमोहन सिंह की नीतियों की वजह से भारत 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सक्षम रहा।
*’गरीब और श्रमिक आपको हमेशा याद रखेंगे’*
खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री से कहा कि आपकी सरकार में शुरू की गई मनरेगा योजना ने संकट के समय में ग्रामीण श्रमिकों को राहत प्रदान की है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब लोग आपको इस बात के लिए हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जब मनमोहन सिंह ने भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को आगे बढ़ाने का फैसला किया, यह एक ऐतिहासिक क्षण था। खरगे ने लिखा कि मुझे याद है कि उस वक्त के अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आपके बारे में कहा था कि जब भी भारतीय प्रधानमंत्री बोलते हैं, तो पूरी दुनिया उन्हें सुनती है।
उन्होंने पत्र में लिखा कि जब आप सक्रिय राजनीति से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, तो भी मुझे आशा है कि आप जितनी बार संभव हो हमारे देश के नागरिकों से बात करके राष्ट्र की आवाज बने रहेंगे।
 विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन) |

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

[wonderplugin_carousel id="1"]
RELATED ARTICLES

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

Most Popular

आज का राशिफल देखें