गोपालगंज/ बिहार,08 मार्च 2025 (यूटीएन)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अधिकार समानता तथा सशक्तिकरण पर केंद्रित सम्मान समारोह का शुभारंभ नगर के अंबेडकर भवन में जिला पदाधिकारी,गोपालगंज प्रशांत कुमार सी एच एवं पुलिस अधीक्षक गोपालगंज अवधेश दीक्षित के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय को पुष्प पौधा देकर सम्मानित किया गया इस क्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सीमा कुमारी,वरीय कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्य, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी प्रशांत अभिषेक ,जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार,जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंद्रमौली, जिला मत्स्य पदाधिकारी मनोरंजन कुमार आदि पदाधिकारी गण को भी पुष्प पौधा देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात् छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से जिला पदाधिकारी का अभिवादन किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि जीवन के रनिंग ट्रैक में पुरुषों के लिए सीधा रास्ता है परंतु महिलाओं के लिए चुनौती पूर्ण है, जिसमें एक महिला इस ट्रैक में एक साथ एक गृहणी ,एक मां के रूप में परिवार के साथ बच्चों की परवरिश करते हुए अपने अन्य कर्तव्यों पर हर कठिनाई को पार कर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। उनके प्रयास को मैं नमन करता हूं। बिहार सरकार महिलाओं और छात्राओं के लिए सदैव तत्पर है, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में साइकिल, पोशाक ,छात्राओं को प्रोत्साहन राशि एवं अन्य मौलिक सुविधाएं प्रदान कर महिला सशक्तिकरण को बल प्रदान कर रही है।
राज्य सरकार के इस प्रयास से शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियां आगे बढ़ रही हैं वहीं रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं को 33% का आरक्षण प्रदान कर, पंचायती राज में बिहार पहला ऐसा राज्य है जहां 50% महिलाओं को आरक्षण दिया गया है।
कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक्ट संचालित कर कार्यस्थल पर सुरक्षा के साथ-साथ उनमें जागरूकता के निरंतर प्रयास के साथ समाज को उनके प्रति और संवेदनशील बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बिहार में विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं अपना परचम लहरा रही हैं ,विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस सेवाओं से लेकर स्वास्थ्य तक के पदों पर बेहतर सेवा प्रदान कर रही हैं जिसके लिए जिला पदाधिकारी द्वारा सभी को बहुत शुभकामनाएं और बधाई दी गई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के शुभ अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित पुरुषों को शपथ दिलाई गई कि मैं पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ यह प्रतिज्ञा करता हूँ कि मैं सभी महिलाओं और बालिकाओं का सम्मान करूंगा और उनके अधिकारों की रक्षा करूंगा। हर रूप में लैंगिक समानता को बढ़ावा दूंगा और किसी भी भेदभाव का विरोध करूंगा। अपने घर, कार्यस्थल और समाज में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दूंगा और उन्हें समान अवसर दिलाने के लिए प्रयास करूंगा। महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का न केवल विरोध करूंगा, बल्कि उसके खिलाफ आवाज भी उठाऊंगा।
अपनी सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर एक ऐसा माहौल बनाने का प्रयास करूंगा, जहाँ हर महिला सुरक्षित, स्वतंत्र और सशक्त महसूस करे। समाज में उन रूढियों को समाप्त करने का प्रयास करूंगा जो महिलाओं की प्रगति में बाधा डालती हैं। आने वाली पीढ़ियों को, लैंगिक समानता के मूल्यों से परिचित कराऊंगा और अपने कार्यों से उन्हें सही मार्ग दिखाऊंगा। इस अवसर पर संकल्प के साथ आगे बढ़ता हूँ कि एक न्यायसंगत और समानता से परिपूर्ण समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाऊंगा।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं एवं छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार वितरित किए गए। जिला पदाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता सुश्री रिया सिंह को बालिका नायिका पुरस्कार एवं घड़ी देकर सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक कार्य के क्षेत्र गोपालगंज की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर के मंजू माननीय मुख्यमंत्री महोदय के प्रगति यात्रा के दौरान उत्कृष्ट कार्य हेतु बाल विकास परियोजना कार्यालय थावे की सरिता देवी आंगनवाड़ी सेविका केंद्र कोड संख्या 86 को भी जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र और घड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया ।
वहीं खेल के क्षेत्र में वुशु कराटे में जिला स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली कुमारी स्वर्णालता, कराटे के जिला स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली खुशी कुमारी और पूजा सोनी एवं एथलेटिक्स में जिला स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली स्वाति कुमारी को प्रशस्ति पत्र और घड़ी प्रदान कर जिला पदाधिकारी ने सम्मानित किया। जिला पदाधिकारी द्वारा इन सभी विजेताओं का प्रोत्साहन करते हुए उनके साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई गयी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अधिकार सामान्य तथा सशक्तिकरण हेतु हस्ताक्षर अभियान कभी शुभारंभ किया गया जिला पदाधिकारी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी भी ली गई।
इस कार्यक्रम में महिला दिवस से संबंधित विभिन्न जागरूकता, प्रोत्साहन के साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने जैसी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन कर रही कुमारी प्रतिभा वर्मा की सराहना करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ० प्रदीप कुमार द्वारा कुमारी प्रतिभा वर्मा को बेहतर मंच संचालन के लिए प्रशस्ति पत्र और घड़ी प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय कोषाकर पदाधिकारी शशिकांत आर्य और संस्कृति एवं कला पदाधिकारी चंद्रमौली कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
https://whatsapp.com/channel/0029Vb2UvWqF6sn60vLaPk1t
संवाददाता,(शैलेश कुमार तिवारी)।