बड़ौत, 24 नवंबर 2026 (यूटीएन)। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची को दुरुस्त कराने और अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए वोट जोड़ो अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को क्षेत्र के गांव बावली में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान विभिन्न कारणों से मतदाता सूची से बाहर हुए पात्र लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों के नए वोट बनवाने को लेकर चर्चा की गई।
गांव बावली में जिला उपाध्यक्ष अनिल तोमर के आवास पर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष अनिल तोमर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव अधिक दूर नहीं हैं। ऐसे में मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम दर्ज होना बेहद जरूरी है। लोकतंत्र में एक-एक वोट का अपना महत्व है और पार्टी के लिए भी प्रत्येक वोट कीमती है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर सक्रियता से काम करना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम पते पर नहीं मिलने, दस्तावेजों की कमी अथवा किसी अन्य कारण से सूची से कट गया है, तो उसे नियमानुसार दोबारा जुड़वाने के लिए प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही गांव में ऐसे युवक-युवतियों की पहचान की जाए, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी तक उनका मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है। ऐसे युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग किया जाए।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा के नेतृत्व में जिलेभर में वोट जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर पर पहुंचकर एसआईआर प्रक्रिया में छूटे हुए पात्र मतदाताओं की जानकारी जुटा रहे हैं। कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया जा रहा है कि वे लोगों से संपर्क कर मतदाता सूची की जांच करने के लिए प्रेरित करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से बाहर न रहे।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नए मतदाताओं के नाम जुड़वाना ही नहीं, बल्कि उन लोगों की भी मदद करना है, जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं या एसआईआर के दौरान कट गए हैं। इसके लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारी दी जा रही है। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में लोगों से संपर्क कर उन्हें आवश्यक जानकारी और निर्धारित प्रक्रिया से अवगत कराएंगे।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए। पात्र मतदाता समय रहते अपना नाम सूची में दर्ज कराएं और यदि किसी का नाम छूट गया है तो निर्धारित नियमों के अनुसार उसे जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि अभियान के दौरान लोगों को सही जानकारी दें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की प्रक्रिया के अनुसार सहायता करें।
बैठक में मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, शक्ति केंद्र संयोजक प्रमोद बावली, जिला पंचायत सदस्य विनय मास्टर, बूथ अध्यक्ष जगमेर सिंह, आनन्द तोमर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से चलाने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सहयोग करने की बात कही।
वरिष्ठ उप-संपादक,( डॉ योगेश कौशिक )।

