बागपत, 07 अक्टूबर 2026 (यूटीएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बागपत शहर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर के चमरावल रोड स्थित महिला थाने के पास आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जुटे। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने मोदी-मोदी तथा नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाकर माहौल को जोश से भर दिया।
प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए कार्यक्रम स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। भाजपा कार्यकर्ता निर्धारित समय से पहले ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए थे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और उनके द्वारा देश के विकास, सेवा तथा राष्ट्र निर्माण को लेकर रखे गए विचारों पर उत्साह व्यक्त किया।
सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर निकली यात्रा
प्रधानमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा के नेतृत्व में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। महिला थाने के पास से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राष्ट्र वंदना चौक पहुंची।
यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता हाथों में सेवा ज्योति कलश लेकर अनुशासित ढंग से आगे बढ़े। कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और जोश देखने को मिला। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहे विकास कार्यों और सेवा भाव को लेकर कार्यकर्ताओं ने लोगों को संदेश दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण यात्रा के दौरान शहर में राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधि का माहौल बना रहा।
प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी ने बताया 25 साल का सेवाकाल
उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री एवं बागपत के प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के अटूट सेवाकाल में देश को नई दिशा, नई ऊर्जा और नया आत्मविश्वास देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह 25 वर्ष का सफर केवल सत्ता का सफर नहीं है, बल्कि यह सेवा, संकल्प और समर्पण का इतिहास है।
उन्होंने कहा कि आज भारत जिस मजबूती के साथ वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है, उसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा और संगठन के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।
विधायक योगेश धामा बोले- 25 साल का सफर बेमिसाल
बागपत विधायक योगेश धामा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सेवाकाल बेमिसाल रहा है। उन्होंने गरीब कल्याण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बागपत का प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’ अब केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश में दिखाई दे रहे बदलाव और विश्वास का प्रतीक बन चुका है।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार
भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए अभिभावक के समान हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री ने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और सेवा भाव को लेकर लगातार जनता के बीच काम कर रहे हैं। सेवा ज्योति कलश यात्रा भी इसी सेवा और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम एवं सेवा ज्योति कलश यात्रा में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नितिन मलिक, पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. अमित राणा, जिला महामंत्री एवं जिला अभियान संयोजक अमित चौधरी, जिला कार्यक्रम संयोजक योगेश गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह, सुदेश चौहान, महामंत्री देवेंद्र प्रमुख, अजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज, श्याम सुंदर गर्ग, लता सिसोदिया, जिला मंत्री एडवोकेट अंकित लपराना, मंडल प्रभारी सरिता चौधरी, अनिल चौहान, जिला सह मीडिया प्रभारी अमित उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष संदीप वशिष्ठ, मनीष कुशवाहा, गौरव शर्मा, सुधीर त्यागी, मंजीत गुर्जर, संदीप प्रजापति, प्रभात तोमर समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन के बाद कार्यकर्ताओं ने सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवाकाल को सेवा और समर्पण के रूप में रेखांकित करते हुए कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक उत्साह का संदेश देने का प्रयास किया।
वरिष्ठ उप-संपादक,( डॉ योगेश कौशिक )।

