नई दिल्ली, 14 मई 2025 (यूटीएन)। भारत के विदेश मंत्रालय का यह बयान चीन की उस कोशिश के बाद आया है जिसमें उसने अरुणाचल प्रदेश की कुछ जगहों के नाम बदले थे। चीन की सरकार के इस कदम पर मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कड़ा जवाब दिया है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि रचनात्मक नामकरण उस निर्विवाद वास्तविकता को नहीं बदलेगा जो अरुणाचल प्रदेश भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।
अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों के नाम बदलने को लेकर भारत ने चीन को तगड़ी लताड़ लगाई है। भारत के विदेश मंत्रालय ने चीन की गुस्ताखी पर कहा है कि हमने देखा है कि चीन ने भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश में स्थानों के नाम रखने के अपने व्यर्थ और बेतुके प्रयासों को जारी रखा है।
हमारे सैद्धांतिक रुख के अनुरूप, हम इस तरह के प्रयासों को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं। रचनात्मक नामकरण इस निर्विवाद वास्तविकता को नहीं बदलेगा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और हमेशा रहेगा। चीन ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश की कुछ जगहों को चीनी और तिब्बती नाम देने का दुस्साहस किया है। पिछले साल भी चीन ने अरुणाचल के 30 स्थानों के नाम बदलने का दावा किया था।
भारत ने पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव के बीच चीन को कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि इससे हकीकत नहीं बदल जाएगी। अरुणाचल भारत का अंग है। यह अविभाज्य हिस्सा है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह हास्यास्पद है।