दोघट, 28 जून 2025 (यूटीएन)। थाना क्षेत्र में एक गांव से अपने पशुओं के लिए चारा लेने गई महिला के साथ दो युवकों द्वारा दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि, पांच दिन पूर्व गांव के ही दो युवकों ने उसे खेत में चारा काटने के लिए बुलाया था।
महिला जब अपने पति के साथ खेत पहुंची, तो उसका पति नलकूप पर पानी पीने चला गया। इसी बीच युवकों ने मौका पाकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। इसबीच महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसे गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में महिला के गले का ओम का लॉकेट गिर गया और पैर में दराती लगने से वह घायल हो गई।
आरोप है कि, हमलावरों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए और अश्लील हरकतें कीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका पति मौके पर पहुंचा, जिसे देख आरोपी भाग निकले। महिला ने बताया कि, उसने थाने पर जाकर घटना की शिकायत की, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |