बागपत, 18 जून 2025 (यूटीएन)। जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में जनपद बागपत की चकबन्दी प्रक्रियाओं के तहत लम्बित ग्राम बामनौली, बरनावा, निरपुड़ा एवं सूरजपुर महनवां में कार्यप्रगति हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। समीक्षा के दौरान प्रमोद कुमार अग्रवाल बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, कु अनुला सिंह चकबन्दी अधिकारी बागपत, ईश्वरचन्द्र शर्मा सहायक चकबन्दी अधिकारी, हरेन्द्र सिंह सहायक चकबन्दी अधिकारी, देवेन्द्र कुमार सहायक चकबन्दी अधिकारी, अशोक कुमार शर्मा सहायक चकबन्दी अधिकारी, बेनी सिंह सहायक चकबन्दी अधिकारी, संबंधित चकबन्दीकर्ता एवं चकबन्दी लेखपाल भी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वर्ष 1981 से चकबन्दी प्रक्रियाओं के अन्तर्गत लंबित ग्राम बामनौली एवं बरनावा की चकबन्दी प्रक्रियाओं को पूर्ण कराय जाये। ग्राम बामनौली की चकबन्दी प्रक्रियाओं को पूर्ण कराने हेतु 26 जुलाई, 2025 तक समय प्रदान किया गया है तथा ग्राम बरनावा की चकबन्दी प्रक्रियाओं को पूर्ण कराने का 18 जुलाई, 2025 तक समय दिया गया है। समयान्तर्गत ग्राम की चकबन्दी प्रक्रिया पूर्ण न होने पर संबंधित दोषी अधिकारियों तथा कर्मचारियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गयी है।
इस दौरान बताया गया कि, ग्राम सूरजपुर महनवां का धारा-9 जोत चकबन्दी अधिनियम का प्रकाशन पूर्ण कर लिया गया है तथा ग्राम निरपुड़ा में जन-विरोध होने के कारण कार्य-प्रभावित हुआ। ग्राम निरपुड़ा में भी सर्वे एवं पड़ताल का कार्य सम्पादित कराया जा रहा है, जिसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी बागपत द्वारा निर्देशित किया गया कि शीघ्र ही ग्राम निरपुड़ा में पड़ताल का कार्य पूर्ण करते हुये धारा-8 जोत चकबन्दी अधिनियम का प्रकाशन कराया जाये तथा तदोपरान्त ग्राम में कीमत लगाते हुये शीघ्र ग्राम में धारा-9 का प्रकाशन का कार्य पूर्ण कर लिया जाये।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |