नालंदा,25 मई 2025 (यूटीएन)। दो दोस्तों की मौत, बाइक से लौट रहे थे घर राजगीर थाना क्षेत्र के राजगीर-गिरियक मार्ग पर लहुआर गांव के पास गुरुवार की शाम अनियंत्रित बाइक पोल से टकरा गयी। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गयी। दोनों बाइक पर सवार होकर राजगीर से गिरियक की ओर जा रहे थे।
मृतकों की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के गोनावां गांव निवासी स्व. उपेन्द्र प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र निरंजन कुमार पटेल और अस्थावां थाना क्षेत्र के नोआवां गांव निवासी कौशलेन्द्र प्रसाद के पुत्र अंजनी रंजन के रूप में की गयी है। परिजनों की माने तो दोनों जमीन खरीद-बिक्री का काम करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो लहुआर गांव के बजरंगबली मंदिर के पास अनियंत्रित बाइक पोल से टकरा गयी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गये। कुछ लोग किसी गाड़ी द्वारा चकमा दिये जाने का अंदेशा जता रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल में दर्जनों लोग पहुंच गये। परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल गूंज उठा। थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच चल रही है।
बिहार – स्टेट ब्यूरो,( प्रणय राज) |