नालंदा, 17 मई 2025 (यूटीएन)। जिले के दीपनगर थाना अंतर्गत बेरौटी गांव में बुधवार रात पंचायती के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट और फिर गोलीबारी तक पहुंच गई। इस घटना में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे गांव के सरपंच को भी गोली लगी। सरपंच का पुत्र मारपीट में घायल हो गया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय विनीत सिंह, पिता कामता प्रसाद के रूप में हुई है। घायल सरपंच शंभू सिंह तथा उनका पुत्र दिलखुश कुमार फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
पुराना विवाद बना कारण
सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी अरुण सिंह और विनीत सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसे सुलझाने के उद्देश्य से बुधवार को गांव में पंचायती कर मामला निपटाने की सहमति बनी थी।
पूजा के बाद बिगड़ा माहौल
घटना के दिन शाम को विनीत सिंह के घर सत्यनारायण भगवान की पूजा का आयोजन था। पूजा के बाद आरोपी पक्ष ने विनीत सिंह के दामाद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई, जिसके बाद गोलीबारी भी हुई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव की घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण सिंह का पुत्र नीतीश कुमार, शिवम कुमार और कतरीसराय थाना क्षेत्र के सैंदी गांव निवासी श्रवण सिंह का पुत्र भागीरथ कुमार शामिल हैं। इनके पास से एक देसी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस और 13 खोखा बरामद किया गया है।
पुलिस टीम ने की सघन छापेमारी
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने किया। टीम में रंजीत कुमार रजक, दारोगा गौरव कुमार, सुशील कुमार, रविराज, सुनील कुमार, शशि कुमार, रणधीर कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है और आगे की कार्रवाई जारी है।
बिहार – स्टेट ब्यूरो,( प्रणय राज) |