बरनावा, 11 मई 2025 (यूटीएन)। महाभारतकालीन ऐतिहासिक लाक्षागृह पर हुई जनपद के संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों की बैठक लाक्षागृह स्थित महानंद संस्कृत माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार को माध्यमिक संस्कृत शिक्षक कल्याण समिति के तत्वाधान में संपन्न हुई ,जिसमें संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर चिंतन किया गया तथा समिति के पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई।
बैठक में दादू बलराम संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य महंत ड़ा साधुराम स्वामी ने कहा कि जनपद के संस्कृत विद्यालयों में पठन पाठन सुचारु रहे व देश, धर्म व संस्कृति के लिए तैयार हो रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए, जिसके लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद को भी विद्यालयों में रिक्त चल रहे पदों पर नियमित शिक्षकों की नियुक्ति करनी चाहिए। वित्तविहीन विद्यालयों को जल्द अनुदान सूची में लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, केंद्रीय संस्कृत संस्थान द्वारा संविदा पर नियुक्त अध्यापकों को भी नियमित किया जाना चाहिए। परिषदीय विद्यालयों का परीक्षा केंद्र संस्कृत विद्यालयों में बनाया जाए। बैठक में संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की पदोन्नति की मांग तथा विद्यालय में नियुक्त कार्यवाहक प्रधानाचार्य को नियमित प्रधानाचार्य का वेतन दिये जाने की मांग भी उठी।
इस दौरान शिक्षक कल्याण समिति के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। जिनमे अरविंद शास्त्री अध्यक्ष, अनुज कुमार शास्त्री उपाध्यक्ष, अमरेश कुमार शास्त्री मंत्री, सुरेंद्र शास्त्री उप मंत्री, ब्रह्मदत्त शास्त्री कोषाध्यक्ष, रामेंद्र शास्त्री लेखा परीक्षक, ललित कुमार शास्त्री प्रचार मंत्री तथा सत्येंद्र कुमार मीडिया प्रभारी चुने गए।
पर्यवेक्षक दिनेश कुमार शुक्ला के संचालन में हुई बैठक में देवेंद्र शास्त्री, कुलदीप शास्त्री, सागर तोमर, सुबोध धामा, जयकृष्ण शास्त्री, मीनाक्षी, श्रवण दास स्वामी, डा.रामेंद्र शर्मा, योगेश शर्मा, शिवम शर्मा, संजीव आर्य, लक्ष्मी देवी, रतन सिंह, अजीत मलिक आदि मौजूद रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |