नालंदा, 13 मार्च 2025 (यूटीएन)। राजगीर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के बीच गोलीबारी और तलवारबाजी हुई। गोलीबारी में पिता पुत्र गोली लगने से जख्मी हो गया। जबकि एक युवक तलवारबाजी में घायल हुआ। इसके अलावा, मारपीट में दूसरे पक्ष से तीन अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। घटना में गाजीपुर गांव के निवासी पिता-पुत्र सिया शरण यादव और नीतीश कुमार को गोली लगी है, जबकि सिटू कुमार तलवारबाजी में घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से धर्मेंद्र महतो और रीता देवी भी मारपीट के दौरान चोटिल हुए हैं।
कैसे हुआ विवाद :
जख्मी ने बताया कि विवाद गैर-मजरुआ भूमि पर थ्रेसर लगाने को लेकर शुरू हुआ था। सुनील महतो और नीतीश कुमार के बीच इस भूमि को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद बढ़ते ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट, तलवारबाजी और फिर गोलीबारी शुरू हो गई।
घायलों का इलाज जारी :
गोली लगने से जख्मी तीन लोगों को पहले राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश जारी है। उन्होंने कहा कि यह गोलीबारी गैर-मजरुआ भूमि पर थ्रेसर लगाने को लेकर हुए विवाद का नतीजा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बिहार – स्टेट ब्यूरो,( प्रणय राज) |