खेकड़ा,18 जुलाई 2025 (यूटीएन)। जिले के कृषि विज्ञान केंद्र खेकड़ा में आयोजित पांच दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। इसमें नेशनल मिशन ऑन ऑर्गेनिक फार्मिंग के तहत कृषि विभाग की ओर से कृषि सखियों ने प्राकृतिक उर्वरकों का उपयोग कर जैविक खेती करने की विधियां सीखी।
प्रशिक्षण में महिलाओं को जैविक खेती, कीट नियंत्रण, भूमि संरक्षण, और टिकाऊ कृषि तकनीकों की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि सखियों को इस योग्य बनाना था कि, वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर अन्य किसानों को जैविक खेती के लिए जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम स्तर पर जैविक खेती को बढ़ावा देने में कृषि सखियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यह प्रशिक्षण उनके लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी बताया। सभी ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर जैविक खेती को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करेंगी।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक )