खेकड़ा, 23 जून 2025 (यूटीएन)। फुलैरा गांव की बेटी प्रियंका अरोड़ा ने इंटरनेशनल लैटिन अमेरिका पुलिस गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। सोमवार को नोयडा में प्रदेश की राज्यपाल ने प्रियंका को सम्मानित किया।
खेकड़ा ब्लाक के फुलैरा गांव की प्रियंका अरोड़ा वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में नोएडा में महिला मुख्य आरक्षी हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। नोएडा स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रियंका को उनके असाधारण खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। प्रियंका ने वर्ष 2023-24 में आयोजित इंटरनेशनल लैटिन अमेरिका पुलिस टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लिया था।
जहां उन्होंने टेबल टेनिस के विभिन्न वर्गों में दो गोल्ड, दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश की झोली में गौरव जोड़ा। राज्यपाल द्वारा सम्मान मिलने की खबर से फुलैरा गांव में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटी और प्रियंका के परिवार को बधाइयां दीं। गांव के लोगों ने प्रियंका को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि उनकी सफलता से गांव की बेटियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की हिम्मत मिलेगी।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |