छपरौली, 09 अप्रैल 2025 (यूटीएन)। क्षेत्र के गाँव ककौर कलां में आयोजित राष्ट्रीय उपाध्याय योगी चेतना मंच सेवा समिति संगठन द्वारा मेधावी छात्रा प्रिया उपाध्याय को संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय कुमार उपाध्याय ने 51 सौ रुपये की धनराशि व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित।
तिलवाड़ा निवासी प्रमुख समाजसेवी आरआरडी उपाध्याय की सुपुत्री प्रिया उपाध्याय पीसीएम बीएससी प्रथम वर्ष की होनहार छात्रा है, जो विभिन्न सामाजिक मुद्दों को अपने अलग अंदाज में उठाते हुए सभी का ध्यान आकर्षित करती रही है। इसके साथ ही हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की परीक्षा उत्तम अंक से उत्तीर्ण करने वाली प्रिया उपाध्याय ने चाईना की राखियों का बहिस्कार कर विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में जाकर बेटियों को स्वदेशी राखी बनाने का प्रशिक्षण भी दिया।
पर्यावरण से जुड़ी प्रिया उपाध्याय अपने जन्मदिन पर प्रतिवर्ष 101 पोधों का रोपण व वितरण करती है। इण्टरमीडिएट की परीक्षा समाप्त कर प्रिया उपाध्याय ने हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की छात्राओं को 2 महीने तक नि:शुल्क गणित व अंग्रेजी की कोचिंग दी।
बता दें कि, सिविल सर्विस को जीवन का लक्ष्य बनाने वाली प्रिया उपाध्याय अपनी पढ़ाई करते हुए समय-समय पर आयोजित सेमिनारों को सम्बोधित करती है और प्रतिवर्ष अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिक्षक के रूप में भी शिक्षण संस्थाओं में उपस्थित होती है।
उसका कुशल वक्तव्य सभी को आकर्षित करता है।होनहार छात्रा की विभिन्न प्रतिभाओं से प्रभावित राष्ट्रीय उपाध्याय योगी चेतना मंच सेवा समिति संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय उपाध्याय ने प्रिया उपाध्याय का उत्साहवर्धन करते हुए 51 सौ रुपये की धनराशि व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष रामफल उपाध्याय, सुनील कुमार आर्य, रविकुमार कुमार उपाध्याय, अरविन्द कुमार उपाध्याय प्रदीप कुमार, अमित कुमार हुड्डा, अंकित कुमार आदि भी मौजूद रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |