बडौत,09 अप्रैल 2025 (यूटीएन)। राजस्थान के जयपुर नगर में आयोजित अखिल भारतीय बुद्धिजीवी कार्यशाला में देश भर के जैन विद्वानों के मध्य, नगर बड़ौत निवासी इतिहासकार डॉ अमित राय जैन की नवीन पुस्तक, गोमटेश्वर बाहुबली, का विमोचन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश सोनी द्वारा आरएसएस के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
सैकड़ों की संख्या में उपस्थित बुद्धिजीवियों की सभा को संबोधित करते हुए आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश सोनी ने कहा कि, जैन दर्शन एवं धर्म के प्राचीन स्थल देश के इतिहास एवं संस्कृति के परिचायक हैं और सांस्कृतिक दृष्टि से भारत वर्ष की पहचान जैन धर्म के प्राचीन धर्म स्थलों के कारण बनी हुई है। वही संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने कहा कि, भारत के प्राचीन वैभवशाली इतिहास में जैन धर्म एवं समाज के महानुभावों का बहुत बड़ा योगदान है ,जिसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।
बता दें कि, कर्नाटक प्रांत में गोमतेश्वर बाहुबली नामक तीर्थ अत्यंत प्राचीन तथा भारत के गौरवशाली अतीत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस तीर्थ के पुरातत्व इतिहास एवं सर्वांगीण जानकारी को एक स्थान पर समाहित करते हुए डॉ अमित राय जैन द्वारा लिखित यह पुस्तक अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पुस्तक के लेखक डॉ अमित राय जैन ने बताया कि, जयपुर में अखिल भारतीय बुद्धिजीवी कार्यशाला में विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय सह महामंत्री सुरेंद्र जैन, जम्मू कश्मीर अध्ययन केंद्र के आशुतोष भटनागर, ऑर्गेनाइजर पत्रिका के मुख्य संपादक प्रफुल्ल केतकर, राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो राजीव जैन, रिजर्व बैंक के पूर्व डिप्टी गवर्नर डॉ देवेंद्र राज मेहता, सुभद्र पपड़ीवाल सहित सैकड़ो की संख्या में देशभर से आए हुए बुद्धिजीवी भी मौजूद रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |