नई दिल्ली, 21 मार्च 2025 (यूटीएन)। राजधानी दिल्ली में गर्मी ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बुधवार से राजधानी के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत से 1.9 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को तेज धूप निकलने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और गुरुवार तक इसमें 6-7 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। कुछ इलाकों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है जिससे गर्मी का असर तेज हो सकता है। मंगलवार को सफदरजंग वेधशाला में तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया, लेकिन तेज धूप और आसमान साफ रहने से गर्मी का अहसास बढ़ रहा है।
हालांकि उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण तापमान में अभी ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम राजधानी दिल्ली में गुरुवार और शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन गर्मी बरकरार रहेगी। शनिवार और रविवार को हल्की बारिश की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए लोगों को सलाह दी जाती है कि वे ज्यादा देर तक धूप में न रहें, हल्के और सूती कपड़े पहनें और खूब पानी पिएं। हालांकि राहत की खबर यह है कि वीकेंड तक मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।