लखनऊ,16 सितम्बर 2025 (यूटीएन)। लोक-कल्याण के संकल्प के साथ जन-जन की सेवा में जुटे योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासन से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा ही सरकार का सबसे बड़ा धर्म है और सभी स्तरों पर पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर लोगों को राहत पहुँचाने का निर्देश दिया। यह जनता दर्शन कार्यक्रम आम नागरिकों को सीधे मुख्यमंत्री से संवाद का अवसर प्रदान करता है, जिससे सरकार की योजनाओं और सेवाओं तक उनकी पहुँच और आसान होती है। प्रशासन ने भी समाधान प्रक्रिया को तेज करने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया है।