बागपत, 16 अगस्त 2025 (यूटीएन)। काठा- मवीकलां के मध्य यमुना नदी के 20 फीट नीचे से हरियाणा की तरफ जा रही गेल इंडिया की सीएनजी गैस पाइपलाइन फट गई, जिससे नदी में जोरदार आवाज के साथ करीब 20 फीट ऊपर तक लहरें उठने लगी। नदी में गैस के प्रेशर से इतनी तेज धमाका हुआ कि पूरा गांव गूंज उठा व खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ते हुए नदी किनारे मौके पर पहुंचे। घटना दोपहर 12 बजे मवीकला-काठा गांव की है।
बता दें कि, यह गैस पाइपलाइन हरियाणा और बागपत के बीच बिछी हुई है। गांव वालों से मिली सूचना पर छपरौली पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले गैस की सप्लाई को बंद कराया गया। इसके कुछ देर बाद तक करीब 15- 20 मिनट तक नदी के पानी में गैस का रिसाव होता रहा। एसडीएम खेकड़ा निकेत कुमार ने बताया कि, यमुना नदी के बहाव में पत्थरों के टकराने से गैस पाइपलाइन में रिसाव हुआ था। अब स्थिति नियंत्रण में है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। गैस पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। जल्द ही इसे ठीक कर लिया जाएगा।
मवीकला-काठा गांव के किसानों ने बताया कि, उन्हें खेतों में काम करते समय थे, यमुना धार के मध्य से तेज आवाज आई। इसबीच जैसे ही बुलबुले और गैस की बदबू आई तो समझ में आया कि पाइपलाइन में ब्लास्ट हुआ है। ब्लास्ट जैसी तेज आवाज सुनते ही गांव के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस और अधिकारियों ने कंपनी के नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर गैस की सप्लाई बंद करवाई।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |