बड़ौत, 04 अगस्त 2025 (यूटीएन)। तहसील क्षेत्र में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से खादर क्षेत्र में खडी किसानों की फसलें डूब गई हैं। साथ ही नदी किनारे कटान भी शुरू हो गया है,जिससे किसानों में परेशानी बढ गई हैं। तहसील क्षेत्र के शबगा जागोस गांव में यमुना नदी पर कटान शुरू हो गया है। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के अंदर किसानों की फसलें डूबने लगी हैं। किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए काटने में लगे हुए हैं।
बता दें कि, पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण हथिनी कुंड बैराज में अधिक पानी आ गया है। इसके बाद यमुना नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। पिछले तीन दिन से हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़ा गया है। शनिवार को छोड़ा गया 21 हजार क्यूसेक पानी यमुना नदी में पहुंच गया है। रविवार को छोड़ा गया 19 हजार क्यूसेक पानी सोमवार तक यमुना नदी में पहुंच गया।
सोमवार को भी यमुना नदी में 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जो मंगलवार तक यमुना नदी में प्रवेश कर जाएगा। लगातार यमुना नदी में पानी छोड़े जाने से खादर क्षेत्र में पानी फैलता जा रहा है। यमुना के खादर क्षेत्र में पानी ही पानी हो गया है। यमुना नदी के किनारे खादर क्षेत्र में खड़ी गन्ने, फूलों की खेती, ज्वार, लौकी, करेला, हरी मिर्च, धनिया, टमाटर, पोदीना, बैंगन और गेंदा फूल आदि सब्जियों की फसलें डूबने लगी हैं।
लवकुश शर्मा, पं सुरेश शर्मा आदि ने बताया कि, यमुना किनारे बस्ती के लोगों को आगाह किया गया है कि वे बढते जलस्तर से सावधान रहें तथा चौकसी बरतें। फिलहाल आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसानों ने हथिनी कुंड बैराज से छोडे जा रहे पानी की सूचना पर ध्यान केंद्रित किया हुआ है।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |