बागपत, 02 अक्टूबर 2026 (यूटीएन)। कलेक्ट्रेट लोकमंच पर सेवा संकल्प प्रदर्शनी का शुभारंभ होते ही तस्वीरों और योजनाओं से सजे परिसर में युवाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही।इस दौरान कोई प्रदर्शनी में लगी विकास यात्रा की तस्वीरों को मोबाइल में कैद करता नजर आया, तो कोई सरकारी योजनाओं की जानकारी लेते हुए। गांवों से आए युवाओं का समूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन व 25 वर्षों की जनसेवा पर आधारित चित्र प्रदर्शनी देख रहा था, वहीं दूसरी ओर कुछ युवा स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिए।
कलेक्ट्रेट लोकमंच पर सूचना विभाग की ओर से लगाई गई इस उल्लेखनीय व महत्वपूर्ण प्रदर्शनी में योजनाओं की जानकारी के साथ उनसे जुड़े बदलाव, युवाओं की आकांक्षाएं और विकसित भारत के संकल्प को एक साथ सामने लाने का प्रयास किया गया।प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने किया। शुभारंभ के बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। चित्र दीर्घा में प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा से जुड़ी तस्वीरों व सारगर्भित सामग्री नजर आई।साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ी सामग्री का भी अवलोकन किया। इस दौरान ही प्रदर्शनी का रुख युवाओं की ओर मुड़ गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने विभिन्न गांवों से आए युवाओं से सीधे संवाद किया व उनसे योजनाओं से जुड़े अनुभव पूछे। माय भारत से जुड़े युवाओं ने बताया कि, विभिन्न सरकारी योजनाओं ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया और कई स्तरों पर उन्हें संबल मिला। बातचीत के दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि ,सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।वहीं युवाओं से पूछा गया कि, वे आगे क्या करना चाहते हैं, उनके क्या आइडिया हैं और किस क्षेत्र में अपना काम शुरू करना चाहते हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं के बारे में बताया गया। युवाओं ने भी अपने-अपने विचार साझा किए।
प्रदर्शनी में मौजूद माय भारत स्वयंसेवकों से उनकी जरूरत और रुचि के बारे में पूछा गया। रोजगार, स्वरोजगार और नए उद्यम शुरू करने की संभावनाओं पर बात हुई। इस दौरान यह भी समझाने का प्रयास किया गया कि ,युवा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने लिए अवसर तैयार करने के साथ दूसरे युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
युवाओं के बीच 'योगी की पाती' पढ़कर सुनाई गई। संदेश के माध्यम से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में युवाओं की भागीदारी के भाव को सामने रखा गया।लोकमंच पर लगी प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, फसल बीमा योजना और कौशल विकास समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है।
प्रदर्शनी में किसान परिवारों से आए युवा, कृषि व फसल बीमा से जुड़ी जानकारी लेते नजर आए, जबकि युवाओं का ध्यान कौशल विकास और स्वरोजगार से संबंधित सामग्री पर अधिक रहा। महिलाओं ने स्वास्थ्य, आवास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडे, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, मंडलाध्यक्ष सुनील मेवला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ उप-संपादक,( डॉ योगेश कौशिक )।

