खेकड़ा ,16 अक्टूबर 2026 (यूटीएन)। कस्बा रटौल में रिश्तेदारी में आए एक युवक पर 20 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। युवती के अचानक लापता होने से परिजनों में चिंता फैल गई। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारियों सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद युवती के भाई ने कोतवाली खेकड़ा पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
रटौल निवासी रियाज के अनुसार, गत सप्ताह उसकी बुआ का बेटा उनके घर आया था। आरोपी एक दिन घर पर रुका और अगले दिन उसकी 20 वर्षीय बहन को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी समय तक युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों की ओर से काफी तलाश किए जाने के बावजूद युवती के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर उसके भाई रियाज ने कोतवाली खेकड़ा में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में आरोपी युवक का पता पश्चिम बंगाल का बताया गया है। पीड़ित भाई ने पुलिस से अपनी बहन को सकुशल बरामद करने और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लापता युवती की तलाश की जा रही है। मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ उप-संपादक,( डॉ योगेश कौशिक )।

