खेकड़ा, 06 अक्टूबर 2026 (यूटीएन)। कस्बे के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं मैराथन धावक डॉ. राघवेन्द्र चौधरी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए हाफ मैराथन में मेडल हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। दिल्ली में आयोजित हाफ मैराथन में उन्होंने 21.1 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद खेकड़ा लौटने पर खेल प्रेमियों, परिचितों और शुभचिंतकों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
सोमवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भारतीय वायुसेना के परमवीर चक्र विजेता निर्मल सिंह सेखों की स्मृति में हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसी प्रतियोगिता में खेकड़ा में चिकित्सा अभ्यास करने वाले डॉ. राघवेन्द्र चौधरी ने भी प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान डॉ. चौधरी ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ निर्धारित 21.1 किलोमीटर की दूरी पूरी की। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें मेडल प्रदान किया गया। दौड़ पूरी करने के बाद उनकी उपलब्धि से परिचितों और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
खेकड़ा वापस लौटने पर खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। लोगों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सकीय पेशे के साथ-साथ खेलों के प्रति उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से मैराथन में हिस्सा लेकर डॉ. चौधरी स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति भी लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
डॉ. राघवेन्द्र चौधरी ने बताया कि वह नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के चलते लंबे समय से मैराथन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते आ रहे हैं। दौड़ को उन्होंने अपनी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक वह कई मैराथन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं और अनेक अवसरों पर मेडल भी हासिल कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि लंबी दूरी की दौड़ के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता और निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है। नियमित दौड़ से शरीर स्वस्थ रहने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से खेल और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
डॉ. राघवेन्द्र चौधरी की उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने की कामना की। लोगों ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में कस्बे के युवाओं और अन्य लोगों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी उपलब्धियां प्रेरणा का काम करती हैं।
इस दौरान डॉ. जगपाल सिंह तेवतिया, संजय जैन, दीपक शर्मा, डॉ. मनोज धामा, एडवोकेट संजय, सुशील धामा आदि मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता स्वर्गीय डॉ. रणजीत सिंह चौधरी के पुत्र डॉ. राघवेन्द्र चौधरी की उपलब्धि पर परिचितों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी।
वरिष्ठ उप-संपादक,( डॉ योगेश कौशिक )।

