नई दिल्ली, 09 जून 2026 (यूटीएन)। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डिज़ाइन एंड इनोवेशन (यूएसडीआई) द्वारा वार्षिक डिज़ाइन डिग्री शो "डिज़ाइन फ्लक्स 2026" का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में स्नातक हो रहे विद्यार्थियों की अभिनव परियोजनाओं, शोध कार्यों और रचनात्मक उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रो. (डॉ.) महेश वर्मा, कुलपति, जीजीएसआईपीयू ने पंकज सक्सेना, संस्थापक एवं निदेशक, ईवांड्ज़ डिजिटल प्रा. लि. तथा दीप्ति गुप्ता, डिज़ाइन डायरेक्टर, एक्सेंचर की उपस्थिति में किया। प्रो. अरविंदर कौर, डीन, यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डिज़ाइन एंड इनोवेशन के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी में लगभग 70 स्नातक विद्यार्थियों द्वारा विकसित परियोजनाओं और प्रोटोटाइप्स को प्रदर्शित किया गया। यूएसडीआई में वर्तमान में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. कार्यक्रमों में लगभग 500 विद्यार्थी अध्ययनरत है।
प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा विकसित वे डिज़ाइन समाधान रहे जो समाज की वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इनमें बाल स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, रोजगार एवं प्लेसमेंट सहायता, अपशिष्ट प्रबंधन, सुगम्यता, सतत विकास और शहरी चुनौतियों से जुड़े मोबाइल एप्लीकेशन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रोटोटाइप शामिल रहे । इंटरैक्शन डिज़ाइन, प्रोडक्ट डिज़ाइन, सर्विस डिज़ाइन, यूज़र एक्सपीरियंस, सस्टेनेबिलिटी और डिजिटल इनोवेशन जैसे क्षेत्रों की परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह दिखाया कि डिज़ाइन सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बन सकता है। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रो. महेश वर्माने कहा कि "डिज़ाइन फ्लक्स" एक अत्यंत सार्थक और प्रतीकात्मक नाम है, जो परिवर्तन, प्रवाह, विकास और विविध विचारों के संगम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डिज़ाइन केवल एक विषय नहीं, बल्कि हमारे आसपास की हर व्यवस्था और प्रणाली की जीवनरेखा है।
आज जब तकनीक लगभग प्रत्येक क्षेत्र को प्रभावित और परिवर्तित कर रही है, तब हमारी अनेक जटिल चुनौतियों के समाधान रचनात्मक और दूरदर्शी डिज़ाइन में छिपा हैं। उन्होंने कहा कि जहाँ तकनीक परिवर्तन लाती है, वहीं डिज़ाइन उस परिवर्तन को दिशा देता है। समाज में सार्थक प्रभाव उत्पन्न करने, समस्याओं के समाधान खोजने और बेहतर अनुभवों के निर्माण में डिज़ाइनरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता की ओर प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी के पास अच्छा विचार है तो विश्वविद्यालय का इन्क्यूबेशन सेंटर, उसे उद्योग जगत से जोड़ने, मार्गदर्शन देने और स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में यूएसडीआई के उन विद्यार्थियों की उपलब्धियों को भी सराहा गया जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इंटरैक्शन डिज़ाइन के विद्यार्थी ध्रुव को स्विगी में तथा आर्यन सिंह को जोमैटो में आकर्षक पैकेज पर नियुक्ति मिली है। वहीं अर्पिता तलवार को अमेरिका की कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी के डिज़ाइन थिंकिंग प्रोग्राम में अध्ययन के लिए 70 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्राप्त हुई है। इन उपलब्धियों ने स्कूल के विद्यार्थियों की प्रतिभा और वैश्विक संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
प्रदर्शनी के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी परियोजनियों का अवलोकन किया और नवाचार तथा सामाजिक उपयोगिता से जुड़े उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर प्रो. मनप्रीत कौर, प्रो. गुलशन धमीजा, डॉ. बिंदु रंजन एस.पी. सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।

