बागपत, 09 जुलाई 2025 (यूटीएन)। निकट के गांव बाग्घू संतोषपुर निवासी एक दूध व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह नगर में दूध सप्लाई करने के बाद करीब 10.30 बजे अपने गांव लौट रहा था, तभी गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बाग्घू संतोषपुर गांव निवासी दूध के व्यापारी 26 वर्षीय विपिन उर्फ गोधू की सोमवार देर रात बाघु रोड़ पर चीनी मिल के पीछे रोड पर राजेंद्र के नलकूप के पास अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। विपिन रात करीब 10.30 बजे बागपत से अपने घर लौट रहे थे।
गोली लगते ही विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर सुबह जैसे ही फैलने लगी वैसे ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हत्या के विरोध में हाईवे पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मृतक विपिन के परिवार में पत्नी संगीता और चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हैं। वहीं पुलिस ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।एडिशनल एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह भारी फोर्स सहित मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। हाईवे पर जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हैंं।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |