खेकड़ा, 30 मार्च 2025 (यूटीएन)। कस्बे की करबला बस्ती में बच्चों के खेल के दौरान हुए विवाद ने दो परिवारों के बीच संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें तीन महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद दोनों परिवारों की महिलाएं शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचीं, लेकिन वहां भी आपस में भिड़ गईं। पुलिस ने मौके से छह महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार सुबह कर्बला बस्ती में तबस्सुम और रानी के बच्चे गली में खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तो दोनों परिवारों की महिलाएं और पुरुष वहां पहुंच गए। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया।
इस संघर्ष में तबस्सुम, शहनाज और रानी घायल हो गईं। घटना के बाद दोनों परिवारों की महिलाएं शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचीं, लेकिन वहां भी उनका झगड़ा जारी रहा। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घायल महिलाओं को इलाज के लिए भेज दिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |