बिहारशरीफ, 17 मई 2025 (यूटीएन)। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को बिहारशरीफ में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न मनाने के लिए एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए, जो भारतीय सेना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान के समर्थन में नारे लगा रहे थे। यात्रा में 251 फीट लंबा तिरंगा लेकर शहर के श्रम कल्याण केंद्र से आनंद मार्ग होते हुए शहर भ्रमण किया गया।
इस अवसर पर बिहारशरीफ के विधायक और राज्य के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की “अपार सफलता” के बाद पूरे हिंदुस्तान में विजय के उल्लास में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।
उन्होंने दावा किया, “कम समय में हमने पाकिस्तान को ऐसा जवाब दिया कि पूरी दुनिया हतप्रभ रह गई। अब हम दुनिया को यह बताने जा रहे हैं कि कैसे हमने उसे दो दिनों में घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।”
डॉ. कुमार ने आगे बताया कि भारत की सात टीमें दुनिया भर में जाकर हिंदुस्तान की ताकत और हिम्मत का प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने यह युद्ध रोका है। अगर आतंकी हमला हुआ तो हम युद्ध करेंगे। हमने इस ऑपरेशन को रोका है, बंद नहीं किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ किया और चार दिनों में ही पाकिस्तान को घुटने टेकने और आत्मसमर्पण करने पर मजबूर कर दिया। जब वे युद्धविराम के लिए गिड़गिड़ाने लगे, तो हमारे प्रधानमंत्री ने अपनी शर्तों पर युद्धविराम किया – यह विराम नहीं, बल्कि स्थगित किया गया है।” उन्होंने चेतावनी भी दी कि “जैसे ही कोई आतंकवादी घटना होगी, हमारे प्रधानमंत्री फिर से उसी तरह उसके चीथड़े उड़ाएंगे।
तिरंगा यात्रा यह दर्शाने के लिए है कि भारत ने कम समय में पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया, और यह सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात है।
बिहार – स्टेट ब्यूरो,( प्रणय राज) |