नई दिल्ली, 23 जनवरी 2026 (यूटीएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चुनावी राज्य केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक विशाल रोड शो किया। यह रोड शो थंपानूर ओवरब्रिज से शुरू होकर पुथरिकंडम मैदान तक आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया, उनकी आधारशिला रखी और उन्हें हरी झंडी दिखाई। उन्होंने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड का भी शुभारंभ किया और एक लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि ऋण वितरित किए। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिली है और लोगों में विकास को लेकर नई जागरूकता पैदा हुई है.
*केरल के विकास को मिली नई रफ्तार*
परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन केंद्र सरकार के प्रयासों से प्रेरित केरल के विकास में एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि रेल संपर्क को और मजबूत किया गया है और ये परियोजनाएं तिरुवनंतपुरम को देश के प्रमुख केंद्रों में शामिल करने में मदद करेंगी. पीएम मोदी ने कहा कि विकसित केरल के लिए बीजेपी को बहुमत देना होगा. उन्होंने कांग्रेस और वाम दल को भ्रष्टाचार के मोर्चे पर कठघरे में खड़ा किया.
*नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत*
प्रधानमंत्री मोदी ने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और एक त्रिशूर-गुरुवायूर यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इन नई ट्रेन सेवाओं से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच क्षेत्रीय रेल संपर्क और मजबूत होगा.
*नवोन्मेष और तकनीक को बढ़ावा*
प्रधानमंत्री ने यहां सीएसआईआर-एनआईआईएसटी नवोन्मेष, प्रौद्योगिकी और उद्यम केंद्र की आधारशिला रखी. इसके साथ ही उन्होंने ‘पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड’ की शुरुआत की, जो यूपीआई से जुड़ी ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है.
*पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को मदद*
मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत कई लाभार्थियों को ऋण राशि और क्रेडिट कार्ड वितरित किए. उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केरल समेत पूरे देश के गरीब और जरूरतमंद लोगों का कल्याण करना है. उन्होंने आगे कहा, जो लोग सड़कों के किनारे, गलियों में सामान बेचते हैं, इन रेहड़ी-पटरी वालों की स्थिति भी पहले बहुत बुरी थी। इनके लिए पीएम स्वनिधि योजना बनाई गई। इस योजना के बाद देशभर में लाखों साथियों को बैंकों से बहुत मदद मिली है। लाखों रेहड़ी पटरी वालों को जिंदगी में पहली बैंक से कोई लोन मिला है। अब भारत सरकार एक कदम आगे बढ़ते हुए इन साथियों को क्रेडिट कार्ड दे रही है। थोड़ी देर पहले यहां भी पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं। इसमें केरल के 10 हजार और तिरुवनंतपुरम में 600 साथी हैं। पहले केवल अमीरों के पास ही क्रेडिट कार्ड होते थे। लेकिन अब रेहड़ी पटरी वालों के पास भी क्रेडिट कार्ड हैं।
*विकसित भारत के निर्माण में हमारे शहरों की बहुत बड़ी भूमिका*
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हमारे शहरों की बहुत बड़ी भूमिका है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों से केंद्र सरकार शहरी मूलभूत ढांचे पर बहुत निवेश कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शहर के गरीब परिवारों के लिए बहुत काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत देश में चार करोड़ से अधिक घर बनाकर गरीबों को दिए गए हैं।
शहरी गरीबों के लिए एक करोड़ से अधिक घर बनाए गए। केरल के सवा लाख शहरी गरीबों को उनका पक्का घर मिला है।
उन्होंने आगे कहा, गरीब परिवारों का बिजली का बिल बचे। इसके लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई। गरीबों को आयुष्मान भारत से पांच लाख का मुफ्त स्वास्थ्य उपचार मिल रहा है। नारी शक्ति के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मातृ वंदना जैसी योजना बनाई गई है। केंद्र सरकार ने 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त कर दिया है। इसका बहुत बड़ा फायदा केरल के लोगों को भी हुआ है, विशेष कर मध्यम वर्ग को हुआ है, नौकरी पेशा लोगों को मिला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में करोड़ों देशवासियों को बैंक प्रणाली से जोड़ने का बहुत बड़ा काम हुआ है। अब गरीब एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं और मछुआरों को भी आसानी से बैंक लोन मिलने लगे हैं। इनके पास कोई गारंटर नहीं है, सरकार खुद उनकी गारंटर बन रही है।
*स्वास्थ्य और डाक सेवाओं में भी विस्तार*
प्रधानमंत्री ने श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में अत्याधुनिक रेडियो सर्जरी केंद्र की आधारशिला रखी. इसके अलावा उन्होंने नए पूजप्पुरा मुख्य डाकखाने का भी उद्घाटन किया.
*विकसित भारत’ के लक्ष्य पर जोर*
प्रधानमंत्री मोदी ने इन विकास कार्यों के लिए केरल के लोगों और पूरे देश को बधाई दी. उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए पूरा देश मिलकर काम कर रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश किया है और शहरों ने विकास में अहम भूमिका निभाई है.
*मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन का बयान*
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई परियोजनाएं राज्य के विकास में दूरगामी प्रभाव डालेंगी. उन्होंने कहा कि केरल के लिए ये परियोजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं और राज्य सरकार लंबे समय से इनमें से कई परियोजनाओं के लिए केंद्र से मंजूरी की मांग कर रही थी.
*केंद्र से सहयोग की उम्मीद*
मुख्यमंत्री विजयन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केंद्र सरकार की ओर से केरल के प्रति यही संवेदनशीलता और सद्भावना बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि राज्य से जुड़ी अन्य वास्तविक मांगों को भी समय आने पर पूरा किया जाएगा और उन्हें समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा.
विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन)।


