नई दिल्ली, 22 सितम्बर 2025 (यूटीएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा देश भर में नेक्स्ट जेनरेशन जी.एस.टी. रिफॉर्म लागू किए जाने के बाद आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित अनेक केंद्रीय मंत्रियों व दिल्ली के मंत्रियों ने दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानदारों से मुलाकात की और नेक्स्ट जेनरेशन जी.एस.टी. रिफार्म के बारे में चर्चा की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अमर कॉलोनी के कपड़ा व्यापारियों, दवा व्यापारी के संगठन पदाधिकारियों और अन्य व्यापारियों से मिलकर उन्हें जीएसटी रिफार्म के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, स्थानीय विधायक नीरज बसोया, निगम पार्षद शरद कपूर एव राजपाल और भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम भी उपस्थित थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दुकानदारों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज मैं नई दिल्ली के दुकानदारों से मिला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश भी पहुँचाया। आज से पूरे देश में नेक्स्ट जेनरेशन जी.एस.टी. रिफार्म लागू हुआ है उसके लिए मैंने सभी दुकानदारों को शुभकामनाएं दी है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के निर्णय का ना सिर्फ दुकानदारों ने स्वागत किया है बल्कि दुकानदारों द्वारा उसके लाभ को स्वीकारा भी है। नड्डा ने दुकानदारों से निवेदन किया है कि जो टैक्स में छूट दी गई है वह उपभोक्ता तक पहुंचे और दुकानों पर स्वदेशी सामान बिके और स्वदेशी सामान वह होता है जिसने देश के मजदूरों का पसीना लगा हो जिसमें भारत की मिट्टी की सुगंध हो। हमारे निवेदन का दुकानदारों ने स्वागत किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जी.एस.टी. में जिस प्रकार की छूट दी गई है उससे करोड़ो उपभोक्ताओं को फायदा पहुँच रहा है और लोग इसके लिए लगातार बधाई दे रहे हैं क्योंकि आने वाला समय नवरात्र, दशहरा, दिवाली, छठ पूजा, धनतेरस का है और लोग लगातार खरीदारी करेंगे जिसमे उन्हें वस्तुएं सस्ती मिलेंगी। भारतीय अर्थव्यवस्था और अर्थनीति इसी तरह से आगे सुदृढ़ रूप से चलती रहे यही हमे आगे भी प्रयास करना है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नेक्स्ट जेनरेशन जी.एस.टी. रिफॉर्म लागू होने के बाद जब आज हम दुकानदारों से मिले हैं तो उनके चेहरे पर एक अलग खुशी दिखाई दी। सिर्फ दुकानदार ही नहीं बल्कि जो खरीददारी करने वाले उपभोक्ता भी काफ़ी खुश दिखे क्योंकि जिन वस्तुओं को वह फेस्टिवल में इस्तेमाल करते हैं वह सारी वस्तुएं अब सस्ती हो गई हैं।
*वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी उतरीं मैदान में*
देश को जी.एस.टी. रिफॉर्म की सौगात देने वाली वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन आज केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के साथ पूर्वी दिल्ली की लक्ष्मी नगर मार्किट में जा कर व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं से मिलीं और जी.एस.टी. कम होने पर उनका पहला फीडबैक लिया। उनके साथ विधायक अभय वर्मा एवं पार्षद अल्का राघव भी थे। सीतारमण ने बताया कि लक्ष्मी नगर के व्यापारियों ने जहां टैक्स बोझ घटने से व्यपार के लिए पूंजी बढ़ने के लिए तो उपभोक्ताओं ने दाम घटने के लिए सरकार का आभार प्रकट किया।
*मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी व्यापारियों से चर्चा की*
दिल्ली की मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता ने त्रिनगर मार्किट में जा कर व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं से जी.एस.टी. रिफॉर्म पर चर्चा की। उनके साथ सांसद प्रवीन खंडेलवाल, विधायक तिलक राम गुप्ता आदि भी थे।
*आर के पुरम पहुंचे अश्विनी वैष्णव*
केन्द्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने स्थानीय विधायक अनिल शर्मा के साथ आर.के. पुरम मार्किट में लोगों के बीच जा कर टैक्स कटौती पर उनकी पहली प्रतिक्रिया ली। वहीं भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश बंसल एवं दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने नई दिल्ली की बंगाली मार्किट में व्यापारियों की प्रतिक्रिया समझीं। उधर दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने विधायक अजय महावर के साथ उत्तर पूर्वी दिल्ली की भजनपुरा मार्किट में आम रिटेल दुकानदारों एवं जनता से बात करके फीडबैक लिया।
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।