नई दिल्ली, 20 सितम्बर 2025 (यूटीएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के भावनगर में भव्य रोडशो के साथ अपने दौरे की शुरुआत की। हजारों लोगों के स्वागत के बीच पीएम मोदी ने गांधी मैदान पहुंचें। जहां उन्होंने 34,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें ‘समुद्र से समृद्धि’ जैसी योजनाएं शामिल हैं, जो राज्य के आर्थिक विकास को नई दिशा देंगी।
विदेशी निर्भरता को बताया असली दुश्मन, आत्मनिर्भर भारत पर जोर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत विश्वबंधु की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है और दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर भारत का कोई असली दुश्मन है, तो वह है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता। यही हमारी सबसे बड़ी कमजोरी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी मिलकर इस दुश्मन को हराएं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि जितनी ज्यादा विदेशी निर्भरता, उतनी ही ज्यादा देश की विफलता होती है। उन्होंने कहा कि शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश यानी भारत को आत्मनिर्भर बनना ही होगा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जब तक हम अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहेंगे, तब तक असली विकास संभव नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि 100 दुखों की एक ही दवाई आत्मनिर्भर भारत।
*कांग्रेस पर तीखा हमला बोला*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभा और सामर्थ्य की कभी कोई कमी नहीं रही, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस सरकारों ने देश की क्षमताओं को नजरअंदाज किया। पीएम मोदी ने कहा कि देश आजादी के 6-7 दशक बाद भी वह सफलता हासिल नहीं कर पाया, जिसका वह हकदार था।
इसके पीछे दो बड़े कारण रहे – कांग्रेस ने देश को लंबे समय तक लाइसेंस-कोटा राज में उलझाए रखा और भारत को दुनिया के बाजारों से दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि इन गलत नीतियों का सबसे बड़ा नुकसान देश के नौजवानों को हुआ, जिन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए पर्याप्त अवसर नहीं मिले। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में वर्तमान सरकार की योजनाओं को युवाओं के भविष्य से जोड़ते हुए उन्हें नई ऊर्जा देने की बात भी कही।
*34,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की*
इससे पहले प्रधानमंत्री ने गुजरात के भावनगर में कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹34,200 करोड़ से ज्यादा है। इनमें ‘समुद्र से समृद्धि’ नामक एक प्रमुख परियोजना भी शामिल है, जिसका उद्देश्य समुद्री क्षेत्र के जरिए व्यापार, रोजगार और विकास को बढ़ावा देना है। पीएम मोदी ने इन योजनाओं को गुजरात और देश के उज्ज्वल भविष्य से जोड़ा और कहा कि इससे आर्थिक तरक्की को नई रफ्तार मिलेगी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘समुद्र से समृद्धि’ को पूरे भारत का परियोजना बताया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत समेत विश्वभर जो मुझे प्यार मिला है, ये मेरी ताकत है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं ऐसे समय में गुजरात आया हूं, जह नवरात्री का पवन महीना शुरू होने वाला है। इस दौरान उन्होंने नए जीएसटी दरों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी के चलते बाजारों में रौनक भी बहुत ज्यादा रहने वाली है। पीएम मोदी ने कहा कि विश्व कर्मा जयंती से लेकर गांधी जयंती तक यानी 17 सितंबर से लेकर दो अक्तूबर तक पूरे देश में लाखों लोग सेवा पखवाड़ा मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों जगहों पर रक्तदान केंद्र बनाया गया है। जहां लाखों लोग अपना रक्तदान कर चुके हैं।
*भावनगर में किया रोडशो, लोगों ने जोरदार स्वागत किया*
गुजरात के भावनगर में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोडशो में भाग लिया। यह रोडशो हवाई अड्डे से शुरू होकर लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय करते हुए गांधी मैदान पर खत्म हुआ, जहां उनका सार्वजनिक कार्यक्रम था। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग दोनों तरफ खड़े होकर मोदी को फूल भेंट कर और हाथ हिलाकर स्वागत कर रहे थे। रास्ते में मंच बनाए गए थे जहां नृत्य कलाकारों ने प्रदर्शन किया। साथ ही, ऑपरेशन सिंदूर की जीत के बैनर और जीएसटी सुधारों के लिए धन्यवाद के पोस्टर भी लगाए गए थे।
*गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने साझा किया गीत*
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट कर लिखा, पीएम मोदी गुजरात दौरे पर आ रहे हैं। इस अवसर पर मैं आप सभी के साथ यह गीत साझा कर रहा हूं, जो उनके प्रति देश के आम लोगों की भावनाओं को व्यक्त करता है। उन्होंने हर आम नागरिक की चिंताओं की परवाह करके उनके दिल में जगह बनाई है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने दुनिया में भारत का झंडा ऊंचा किया है। यह गीत उन्हीं भावनाओं की प्रतिध्वनि है, उसी गौरव का प्रतिबिंब है।
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।